Headlines

बजट 2025: प्रधानमंत्री मोदी ने बताया विकास यात्रा का अहम मील का पत्थर

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी, शनिवार को वर्ष 2025 का केंद्रीय बजट पेश किया। इस बजट में आयकर समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई अहम घोषणाएं की गईं। बजट प्रस्तुत होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे सराहनीय बताते हुए कहा, “हर कोई आपकी प्रशंसा कर रहा है, यह बजट बहुत अच्छा है।” उन्होंने इस बजट को 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को साकार करने वाला और देश के विकास में अहम मील का पत्थर करार दिया।

बजट को बताया “फोर्स मल्टीप्लायर”

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बजट को “फोर्स मल्टीप्लायर” बताते हुए कहा कि यह बचत, निवेश, खपत और विकास को गति देगा। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को इस “जनता-जनार्दन के बजट” के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा,

💬 “आमतौर पर बजट का फोकस सरकारी खजाना भरने पर होता है, लेकिन यह बजट इसके ठीक उलट है। यह बजट नागरिकों की जेब कैसे भरेगा, उनकी बचत कैसे बढ़ेगी और वे देश के विकास में कैसे भागीदार बनेंगे, इसका मजबूत आधारशिला रखता है।”

नवाचार और निजी क्षेत्र को प्रोत्साहन

प्रधानमंत्री ने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी भागीदारी को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम सिविल न्यूक्लियर एनर्जी के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

रोजगार और आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने कहा कि यह बजट रोजगार के सभी क्षेत्रों को प्राथमिकता देता है और इसमें कई ऐसे सुधार शामिल हैं, जो आने वाले समय में बड़ा बदलाव लाएंगे

🔹 शिप बिल्डिंग: इन्फ्रास्ट्रक्चर स्टेटस देने से भारत में बड़े जहाजों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे “आत्मनिर्भर भारत” अभियान को गति मिलेगी। यह क्षेत्र अधिकतम रोजगार सृजन करने वाला है।

🔹 पर्यटन क्षेत्र: देश में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर होटल बनाए जाएंगे। पहली बार पर्यटन को इन्फ्रास्ट्रक्चर के तहत लाया गया है, जिससे हॉस्पिटैलिटी सेक्टर और रोजगार के अवसरों को ऊर्जा मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक प्रगति को तेज करेगा और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे ले जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *